StateNewsदेश - विदेश

लोन की किस्त नहीं चुकाई तो किसान को उठाया, 3 दिन बाद ऑफिस में मिली लाश

महाराष्ट्र के नांदेड में रिकवरी एजेंटों पर अपहरण का आरोप; फाइनेंस कंपनी का ऑफिस सील, 5 गिरफ्तार

मुंबई। महाराष्ट्र के नांदेड जिले में लोन की किस्त नहीं चुकाने पर एक किसान को कथित तौर पर जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। 40 वर्षीय किसान चंद्रकांत शिंदे का शव तीन दिन बाद एक निजी फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में मिला। परिवार और ग्रामीणों ने रिकवरी एजेंटों पर अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मौत हत्या है या आत्महत्या, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

चंद्रकांत मुदखेड़ तहसील के मलकोठा गांव के रहने वाले थे। उनकी पत्नी की शिकायत के मुताबिक, 22 अक्टूबर की शाम दो अज्ञात लोग उन्हें जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर फाइनेंस कंपनी के ऑफिस ले गए थे। इसके तीन दिन बाद वहां उनका शव मिला।

नांदेड के एसपी के मुताबिक, मामले की जांच के लिए नौ सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई है। फाइनेंस कंपनी का ऑफिस सील कर दिया गया है और तीन जगह छापेमारी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में फाइनेंस का कामकाज संभालने वाला मुख्य आरोपी असलम भी शामिल है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के फरार होने के दावे को गलत बताया है।

सूखा प्रभावित इलाकों में कर्ज का दबाव

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब नांदेड के कुछ हिस्सों में सूखे जैसी स्थिति के कारण किसान आर्थिक मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। एसपी ने कहा कि जिले में लोन वसूली को लेकर कोई विशेष आधिकारिक गाइडलाइन जारी नहीं हुई है। हालांकि, जिला कलेक्टर के साथ बैठक की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध वसूली होने पर शिकायत करें, ताकि कार्रवाई की जा सके।

महाराष्ट्र में खेती से जुड़े आत्महत्या के सबसे ज्यादा मामले

NCRB के आंकड़ों के मुताबिक, 2023 में देशभर में खेती-किसानी से जुड़े 10,786 लोगों ने आत्महत्या की थी। इनमें महाराष्ट्र के 4,151 मामले थे। राज्य में कपास और सोयाबीन जैसी नकदी फसलों की खेती में अधिक लागत और कर्ज का दबाव किसानों की परेशानी बढ़ाते हैं। परिवार में पत्नी, दो बेटियां, दो बेटे और मां को पीछे छोड़ गए चंद्रकांत की मौत के मामले में पुलिस जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button