सरगुजा ओलंपिक में 4.16 लाख खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन, महिलाएं आगे

12 खेलों में दिखेगा दमखम; सूरजपुर से सबसे ज्यादा 99 हजार खिलाड़ी, संभाग स्तरीय मुकाबले 15 से 20 नवंबर तक
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दूसरी बार आयोजित हो रहे सरगुजा ओलंपिक में खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिल रहा है। सरगुजा संभाग के छह जिलों से कुल 4 लाख 16 हजार 813 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।
इनमें महिलाओं की संख्या पुरुषों से 69 हजार 45 ज्यादा है। सभी जिलों में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं पूरी हो चुकी हैं। अब खिलाड़ी जिला स्तर पर मुकाबला करेंगे। इसके बाद विजेता खिलाड़ी नवंबर में प्रस्तावित संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।
उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की पहल पर पिछले साल सरगुजा ओलंपिक की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना, खेल प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है।
सूरजपुर से सबसे ज्यादा खिलाड़ी
सरगुजा ओलंपिक के लिए 10 अगस्त से 10 सितंबर तक पंजीयन हुआ। इसमें 1 लाख 73 हजार 884 पुरुष और 2 लाख 42 हजार 929 महिला खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया।
जिलेवार आंकड़ों में सूरजपुर 99,322 खिलाड़ियों के साथ पहले स्थान पर है। बलरामपुर-रामानुजगंज से 91,995, सरगुजा से 90,116, जशपुर से 74,809, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से 33,676 और कोरिया से 26,895 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।
12 खेलों में होगा मुकाबला
प्रतियोगिताएं एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी में हो रही हैं। जूनियर वर्ग में 14 से 17 साल के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जबकि सीनियर वर्ग में उम्र की कोई सीमा नहीं है।
जशपुर में 29 और 30 अक्टूबर को जिला स्तरीय मुकाबले होंगे। सरगुजा, कोरिया और बलरामपुर-रामानुजगंज में 3 से 5 नवंबर तथा सूरजपुर में 4 और 5 नवंबर को प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं। संभाग स्तरीय मुकाबले 15 से 20 नवंबर के बीच होंगे। खेल विभाग ने लोगों से प्रतियोगिताओं में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।





