ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

निर्वाचन आयोग का राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन: फेक न्यूज और डीपफेक से निपटने पर जोर, छत्तीसगढ़ के 33 जिलों के अधिकारी शामिल

रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग ने नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया।

तीन जुलाई को हुए इस कार्यक्रम में देश के 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 260 से अधिक अधिकारियों ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ से सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक तथा सभी 33 जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारी सम्मेलन में शामिल हुए।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग की सभी गतिविधियां संविधान, चुनावी कानूनों और आयोग के पारदर्शी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होती हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी और भ्रामक सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने तथा तथ्यात्मक जानकारी के प्रभावी प्रसार के जरिए गलत सूचनाओं पर अंकुश लगाने में मीडिया एवं संचार अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत लोकतांत्रिक व्यवस्था पर मतदाताओं के विश्वास का प्रमाण है।

चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डीपफेक और भ्रामक डिजिटल सामग्री से पैदा हो रही चुनौतियों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इनसे प्रभावी ढंग से निपटने का आह्वान किया। उन्होंने चुनावी साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने पर भी जोर दिया।

सम्मेलन में मतदाता सूची प्रबंधन, मतदान और मतगणना प्रक्रिया, ईसीआईनेट, मीडिया प्रबंधन, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और फेक न्यूज प्रबंधन जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए।

प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। हाल में चुनाव संपन्न कराने वाले राज्यों के अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और प्रभावी जनसंचार की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर चर्चा की। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button