देशभर में मानसून का कहर: महाराष्ट्र में 20 कारें डूबीं, गुजरात में कार बही

दिल्ली। देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि देश के कई अन्य राज्यों में भी तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है।
महाराष्ट्र के वसई के नालासोपारा में भारी बारिश के बाद सड़कें नदी में तब्दील हो गईं। करीब 20 कारें पानी में डूब गईं, जबकि एक कार करीब 50 मीटर तक बह गई। पालघर जिले में बाढ़ के पानी में बहने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
प्रशासन ने 180 से अधिक लोगों का रेस्क्यू किया है। रत्नागिरी में जगबुडी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने पर अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में लगातार बारिश के बीच 64 पेड़ गिर गए और आठ मकानों की दीवारें ढह गईं।
गुजरात के जूनागढ़ और भावनगर में भी हालात गंभीर हैं। कई इलाकों में चार फीट तक पानी भर गया, जिससे सड़कों पर नाव चलानी पड़ी। भावनगर में तेज बहाव में एक कार बह गई।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार रात महज आधे घंटे में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। टाटीबंध सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया और कई घरों में घुटनों तक पानी घुस गया।
मध्य प्रदेश के हरदा में नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा, जबकि उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन से सड़कें बाधित हुईं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।





