ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

क्रिकेटर हरलीन देओल ने हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों को दिया सफलता का मंत्र

कहा- मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से हासिल करें लक्ष्य; उप मुख्यमंत्री अरुण साव की पहल पर हुआ आयोजन

रायपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरलीन देओल ने रविवार को रायपुर स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आवासीय हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए और उन्हें मेहनत, अनुशासन व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी से मुलाकात के दौरान अकादमी के बच्चों में उत्साह नजर आया।

यह कार्यक्रम उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव की पहल और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) के सहयोग से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने वाले खिलाड़ियों के अनुभवों से सीखने का अवसर देना था।

कहा- बड़े लक्ष्य रखें, नियमित अभ्यास करें

हरलीन देओल ने खिलाड़ियों से कहा कि वे अकादमी में उपलब्ध सुविधाओं, प्रशिक्षण और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का पूरा लाभ उठाएं। अपने लक्ष्य तय करें और उन्हें हासिल करने के लिए नियमित अभ्यास करें। उन्होंने कहा, “आप मेहनत कीजिए, अपने लक्ष्य के लिए पूरी लगन से प्रयास कीजिए। भगवान भी आपकी मदद करेंगे। अपने ऊपर विश्वास रखिए और देश के लिए खेलने का सपना जरूर देखिए।”

उन्होंने बताया कि खेल में सफलता के लिए प्रतिभा के साथ धैर्य, अनुशासन और निरंतर अभ्यास जरूरी है। खिलाड़ियों को अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करने और हर दिन बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करनी चाहिए।

जनजातीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

हॉकी अकादमी में प्रदेश के दूर-दराज और जनजातीय क्षेत्रों के खिलाड़ी भी प्रशिक्षण ले रहे हैं। घर-परिवार से दूर रहकर खेल में करियर बनाने की तैयारी कर रहे इन बच्चों के लिए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी से संवाद प्रेरणादायक रहा। हरलीन ने उन्हें संदेश दिया कि मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

खिलाड़ियों के साथ खिंचवाई तस्वीरें

मुलाकात के दौरान हरलीन ने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। क्रिकेट और हॉकी अलग-अलग खेल होने के बावजूद फिटनेस, टीम भावना, मानसिक मजबूती और दबाव में बेहतर प्रदर्शन जैसे गुण दोनों में महत्वपूर्ण हैं। उनके अनुभवों से खिलाड़ियों को अपने खेल को बेहतर बनाने की सीख मिली।

Related Articles

Back to top button