ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के 31 हजार गन्ना किसानों को मिलेगा 51 करोड़ का बोनस, दर बढ़ी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए बोनस की गणना का आधार 355 रुपए से बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है। इस फैसले से पेराई सत्र 2025-26 में प्रदेश के चार सहकारी शक्कर कारखानों को गन्ना बेचने वाले 31,022 किसानों को करीब 51.09 करोड़ रुपए का बोनस मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने इस फैसले पर किसानों को बधाई दी है। सहकारिता मंत्री ने कहा कि बोनस में बढ़ोतरी से किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इससे खेती की लागत उठाने और अगली फसल की तैयारी करने में भी मदद मिलेगी।

प्रति क्विंटल 95.95 रुपए मिलेगा बोनस

पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) 329.05 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित आधार पर लिया गया है। सरकार द्वारा बोनस गणना का आधार 425 रुपए किए जाने के बाद किसानों को प्रति क्विंटल 95.95 रुपए बोनस मिलेगा। राज्य सरकार का कहना है कि इस निर्णय से गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा और सहकारी शक्कर कारखानों से जुड़े किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा।

चार शक्कर कारखानों के किसानों को मिलेगा लाभ

बोनस राशि में सबसे बड़ा हिस्सा भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा के किसानों को मिलेगा। यहां के 14,961 किसानों को करीब 24.55 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। सरदार पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया के 8,049 किसानों को 11.68 करोड़ रुपए मिलेंगे।

इसी तरह महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, केरता के 7,250 किसानों को करीब 11.35 करोड़ रुपए और दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना, बालोद के 762 किसानों को लगभग 3.52 करोड़ रुपए का बोनस मिलेगा।

राज्य सरकार के मुताबिक, किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button