ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पति के निधन के बाद संभाली 4 बेटियों की जिम्मेदारी, डेयरी से संवारा भविष्य

सक्षम योजना से मिला एक लाख का ऋण; एक बेटी मेडिकल कॉलेज में, दूसरी कर रही इंजीनियरिंग की पढ़ाई

सरगुजा। पति के निधन के बाद चार बेटियों की परवरिश और उनकी पढ़ाई का खर्च उठाना इंदु लता गुप्ता के लिए बड़ी चुनौती थी। आर्थिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने बेटियों की शिक्षा से समझौता नहीं किया।

छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना से एक लाख रुपए का ऋण लेकर उन्होंने डेयरी व्यवसाय शुरू किया। आज इसी व्यवसाय से होने वाली आय परिवार की जरूरतें पूरी करने और बेटियों की पढ़ाई में मददगार बन रही है।

सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत सामने आई इंदु लता की कहानी बताती है कि सरकारी योजनाओं से मिला आर्थिक सहयोग महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ पूरे परिवार का भविष्य संवारने में मदद कर सकता है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मिली योजना की जानकारी

इंदु लता बताती हैं कि पति के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। नियमित आय का साधन नहीं होने से घर चलाना और बेटियों की पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो रहा था।

इसी दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से उन्हें सक्षम योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत मिले एक लाख रुपए के ऋण में अपनी बचत की राशि जोड़कर उन्होंने दो भैंसें खरीदीं और डेयरी व्यवसाय शुरू किया।

रोजाना 20 लीटर दूध का उत्पादन

मेहनत से इंदु लता ने पशुपालन को आजीविका का साधन बनाया। वर्तमान में उनकी दोनों भैंसों से प्रतिदिन करीब 20 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। इससे होने वाली आय से घरेलू खर्च और बेटियों की पढ़ाई में सहयोग मिल रहा है।

व्यवसाय शुरू होने से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

बेटियों की पढ़ाई बनी सबसे बड़ी उपलब्धि

इंदु लता की एक बेटी मेडिकल कॉलेज में पढ़ रही है, जबकि दूसरी इंजीनियरिंग की शिक्षा ले रही है। उनकी दो अन्य बेटियां भी स्कूली पढ़ाई कर रही हैं। इंदु लता चाहती हैं कि चारों बेटियां शिक्षित होकर आत्मनिर्भर बनें।

उन्होंने सक्षम योजना से मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। इंदु लता की कहानी बताती है कि स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता मिलने से महिलाएं मुश्किल हालात में भी परिवार को संभालकर बच्चों के सपनों को नई दिशा दे सकती हैं।

Related Articles

Back to top button