‘रामायण’ बनी चौथी सबसे कमाऊ भारतीय फिल्म: 21 दिन में ₹1,755 करोड़ कमाए, ‘पुष्पा 2’ को पछाड़ा; ‘बाहुबली 2’ से 32 करोड़ पीछे

मुंबई। रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ ने बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना दिया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म दुनिया भर में ₹1,755.60 करोड़ का कलेक्शन कर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली चौथी भारतीय फिल्म बन गई है।
इसने अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ को पीछे छोड़ दिया है। अब फिल्म को तीसरे नंबर पर पहुंचने के लिए ‘बाहुबली 2’ से आगे निकलना होगा।
21वें दिन पहली बार 10 करोड़ से कम कमाई
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 21वें दिन बुधवार को भारत में 15,700 शोज से ₹9.60 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। हिंदी वर्जन से सबसे ज्यादा ₹6.75 करोड़ की कमाई हुई। मलयालम में ₹1.10 करोड़, कन्नड़ में 75 लाख, तमिल में 70 लाख और तेलुगु में 30 लाख रुपए मिले।
इसके साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन ₹982.55 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन ₹1,173.60 करोड़ हो गया है। विदेशों में 21वें दिन ₹6 करोड़ की कमाई के साथ ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन ₹582 करोड़ पहुंच गया।
‘बाहुबली 2’ से सिर्फ 32 करोड़ पीछे
दुनियाभर में ₹1,755.60 करोड़ कमाकर ‘रामायण’ ने ‘पुष्पा 2’ के ₹1,742.10 करोड़ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। अब फिल्म को ‘बाहुबली 2’ के ₹1,788.06 करोड़ के रिकॉर्ड से आगे निकलने के लिए ₹32.46 करोड़ और कमाने होंगे
। इस सूची में ‘धुरंधर 2’ ₹1,813.39 करोड़ के साथ आगे है, जबकि ‘दंगल’ 2,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई के साथ शीर्ष पर है।
लगातार 20 दिन तक रही डबल डिजिट कमाई
फिल्म ने रिलीज के बाद लगातार 20 दिनों तक भारत में रोजाना 10 करोड़ रुपए से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया। बुधवार को पहली बार इसकी कमाई 10 करोड़ से नीचे आई।
मंगलवार के ₹17.50 करोड़ के मुकाबले बुधवार की कमाई में 45.1% की गिरावट दर्ज की गई। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। इसे नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है।





