जशपुर में 89.53 लाख रुपए से सड़क का जीर्णोद्धार, ग्रामीणों को मिलेगी राहत

रायपुर। जशपुर जिले के ओडिशा सीमा से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए सिकरिमा से विदुरपुर तक 2.5 किलोमीटर सड़क का मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस सड़क पर 89 लाख 53 हजार रुपए खर्च किए गए हैं। सड़क का डामरीकरण होने से ग्रामीणों को खासकर बारिश के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिले के दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए काम किया जा रहा है। सिकरिमा-विदुरपुर मार्ग की स्थिति खराब होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात में सड़क खराब होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी। इसका असर विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों और मरीजों को आने-जाने में होता था।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच होगी आसान
सिकरिमा-विदुरपुर मार्ग ओडिशा सीमा से लगे गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है। इसके जीर्णोद्धार से सीमावर्ती गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क बेहतर होगा। ग्रामीणों को स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
सड़क बेहतर होने से किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सहूलियत होगी। इसके अलावा ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए आवागमन करने में कम परेशानी होगी। इससे क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
लंबे समय से ग्रामीण कर रहे थे इंतजार
सिकरिमा से विदुरपुर तक सड़क का काम पूरा होने से ग्रामीणों में खुशी है। अब दोपहिया और अन्य वाहनों की आवाजाही पहले की तुलना में आसान होगी। विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने और मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों तक ले जाने में भी सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हुआ यह कार्य जिले के दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों के दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की संभावना है।



