ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठिठुरन, बलरामपुर 8.3 और अंबिकापुर 8.9 डिग्री पर: 18 जिलों में पारा 15 से नीचे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होते ही ठंड का असर तेज होने लगा है।

खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ गई है। शुक्रवार को बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

अंबिकापुर में पारा 8.9 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के 18 जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे बना हुआ है।

उत्तर और दक्षिण के तापमान में करीब 10 डिग्री का अंतर

सरगुजा संभाग में ठंड का असर सबसे ज्यादा है। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 10.8 और सूरजपुर में 11.7 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं, सुकमा में रात का तापमान 18.2 डिग्री रहा। इस तरह बलरामपुर और सुकमा के न्यूनतम तापमान में करीब 10 डिग्री का अंतर है।

मैदानी इलाकों में रायगढ़ में 12.6, कोरबा में 12.5, गरियाबंद में 12.3 और धमतरी में 13 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

दुर्ग में दिन सबसे गर्म, रायपुर में रात का पारा सामान्य से अधिक

दिन के तापमान में दुर्ग 29.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा।

रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी में रात का तापमान 16.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है।

बिलासपुर में अधिकतम 26.8 और न्यूनतम 14 डिग्री, जबकि जगदलपुर में अधिकतम 28.5 और न्यूनतम 13.6 डिग्री तापमान रहा।

अगले दिनों मौसम शुष्क रहने का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है।

गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, लेकिन इसका छत्तीसगढ़ पर खास असर नहीं पड़ेगा।

शनिवार को रायपुर में आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 29 तथा न्यूनतम 15 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल प्रदेश के लिए कोई मौसमी चेतावनी जारी नहीं की गई है।

Related Articles

Back to top button