सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आज दीपस्तंभ पर जलेगा दीप: मदुरै की पहाड़ी पर CRPF के 150 जवान तैनात, बैरिकेडिंग कर ID जांच के बाद एंट्री

दिल्ली। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी के विवादित दीपस्तंभ पर शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक दीप जलाया जाएगा। इसके लिए पहाड़ी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
CRPF की 9 यूनिट के करीब 150 जवान मंदिर से लेकर पहाड़ी की चोटी और दरगाह के आसपास तैनात हैं। दीपस्तंभ के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है। पहाड़ी पर जाने वाले लोगों के पहचान पत्र जांचे जा रहे हैं।
दीपस्तंभ से करीब 15 मीटर की दूरी पर सिकंदर दरगाह स्थित है। इसी वजह से यहां दीप जलाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को दीपस्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन 24 नवंबर को आदेश का पालन नहीं हुआ। इसके बाद 27 नवंबर को कोर्ट ने दोबारा निर्देश जारी किया।
आदेश नहीं मानने पर सरकार और अधिकारियों को फटकार
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को तमिलनाडु सरकार और प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने मंदिर ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर मंदिर का प्रशासन मद्रास हाईकोर्ट के दो पूर्व जजों जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को सौंप दिया। मुख्य सचिव, डीजीपी, मदुरै कलेक्टर और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस भी जारी किए गए हैं।
कोर्ट ने निर्देश दिया कि दीपस्तंभ पर दीप जलाते समय दरगाह से सभी दिशाओं में कम से कम 50 मीटर की दूरी रखी जाए। दरगाह में इबादत करने वाले श्रद्धालुओं को नहीं रोका जाएगा। पहाड़ी और मंदिर की सुरक्षा CRPF संभालेगी।
24 नवंबर को दीपस्तंभ पर नहीं जला था दीप
24 नवंबर को कार्तिगई दीपम के अवसर पर उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर दीप जलाया गया था। विवादित पत्थर के दीपस्तंभ पर असली दीप की जगह इलेक्ट्रिक लाइट जलाई गई थी। इसी पर विवाद बढ़ा था। सुप्रीम कोर्ट ने अब 28 नवंबर को दीपस्तंभ पर दीप जलाने का स्पष्ट आदेश दिया है। मामले में अगली सुनवाई 12 दिसंबर को होगी।





