शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल की देर रात पेशी: 30 नवंबर तक EOW रिमांड पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को UAE से भारत लाने के बाद शुक्रवार देर रात रायपुर कोर्ट में पेश किया गया।
रात करीब 11:30 बजे रिमांड कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 30 नवंबर तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की रिमांड पर सौंप दिया। एजेंसी अब उससे शराब सिंडिकेट में कथित फंड मैनेजर की भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी।
ACB कोर्ट में जज की अनुपस्थिति के कारण उसे रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। रात 12:33 बजे EOW के अधिकारी उसे कोर्ट से अपने कार्यालय ले गए। सोमवार को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।
सिंडिकेट में मनीमैन की भूमिका का आरोप
जांच एजेंसी के मुताबिक, विकास शराब सिंडिकेट में कमीशन की रकम के लेनदेन और प्रबंधन का काम संभालता था। उसे अनवर ढेबर का करीबी भी बताया गया है। आरोप है कि 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में गड़बड़ियों के जरिए सरकारी खजाने को 1280 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान पहुंचाया गया।
विकास UAE में बोस्टन कंसल्टिंग कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था। उसके खिलाफ 2022 में गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। इसके बाद UAE की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर भारत प्रत्यर्पित किया गया।
बचाव पक्ष ने प्रत्यर्पण संधि का हवाला दिया
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील शशांक मिश्रा ने भारत-UAE प्रत्यर्पण संधि का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी पर उसी अपराध के तहत कार्रवाई होनी चाहिए, जिसके आधार पर उसे भारत लाया गया है। पूछताछ के दौरान मानवाधिकारों का ध्यान रखने और प्रत्यर्पण से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
ED ने पांच शहरों में की थी कार्रवाई
विकास को रायपुर लाने वाली टीम में EOW प्रमुख IG अमरेश मिश्रा सहित DSP रोशन आहूजा और DSP राहुल शर्मा शामिल थे। इससे पहले शुक्रवार को ED ने शराब घोटाले से जुड़े मैनपावर और ओवरटाइम मामले में रायपुर, धमतरी, भिलाई, राजनांदगांव और बिलासपुर में छापे मारे थे।





