रायपुर में 125 बेड का सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल शुरू, सीएम साय ने किया शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी के देवपुरी में 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ किया। करीब एक एकड़ क्षेत्र में बने इस अस्पताल के शुरू होने से प्रदेश के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। सरकार का प्रयास है कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत न पड़े।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल का फीता काटकर उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
नवा रायपुर में 200 एकड़ में बनेगी मेडिसिटी
सीएम साय ने कहा कि रायपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में आधुनिक अस्पतालों और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। सरकारी और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश में मजबूत हेल्थकेयर इकोसिस्टम विकसित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाओं, मेडिकल टूरिज्म और चिकित्सा क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
आयुष्मान योजना से मिल रही आर्थिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। राज्य सरकार जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत करने के साथ दूरस्थ वनांचलों में भी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रथमेश हॉस्पिटल जैसी आधुनिक संस्थाओं से लोगों को बेहतर उपचार मिलेगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी अस्पताल शुरू होने को प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू, प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू, डॉ. सारिका साहू सहित जनप्रतिनिधि और चिकित्सक मौजूद रहे।



