ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

NEET-2026 में सफल एकलव्य स्कूलों के छात्रों से CM साय ने किया संवाद: बोले- एकलव्य की तरह लक्ष्य साधिए, सफलता निश्चित मिलेगी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित ‘एकलव्य संवाद’ कार्यक्रम में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों से NEET-2026 में सफल विद्यार्थियों से बातचीत की।

उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और विशेषकर जनजातीय समाज के लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवसर, संसाधन और संकल्प मिलने पर प्रतिभा किसी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। एकलव्य का उदाहरण देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

उन्होंने संत कबीर के दोहे का उल्लेख करते हुए गुरुजनों के सम्मान और उनके ज्ञान को समाज के हित में उपयोग करने की सीख दी।

साय ने कहा कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। प्रदेश में अब निजी और सरकारी मिलाकर 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट की गई है। यहां निःशुल्क आवास और भोजन के साथ UPSC, मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी कराई जाती है।

इस वर्ष यहां से 13 विद्यार्थियों ने UPSC प्रारंभिक परीक्षा पास की है। प्रदेश में 34 नालंदा परिसर भी संचालित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मेडिकल शिक्षा हिंदी माध्यम में भी उपलब्ध करा रही है, ताकि भाषा प्रतिभा के रास्ते में बाधा न बने। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी स्कूल, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने NEET सफल विद्यार्थियों से कहा कि वे भविष्य में संवेदनशील और विनम्र डॉक्टर बनें। दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में सेवा देकर समाज और प्रदेश के विकास में योगदान दें।

Related Articles

Back to top button