ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर जीतने वाली ज्ञानेश्वरी से CM साय ने की बात: बोले- आपकी सफलता बेटियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा

रायपुर। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने वाली राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की। मुख्यमंत्री ने उन्हें ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की यह सफलता वर्षों की कठिन साधना, अनुशासन और निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी आने वाले समय में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी उनकी ज्ञानेश्वरी से मुलाकात हुई थी और अब उनकी सफलता के बाद दोबारा बातचीत करके उन्हें बेहद खुशी हो रही है।

साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपनी मेहनत और समर्पण से न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि प्रदेश की बेटियों, युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

वीडियो कॉल के दौरान ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री के स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और प्रदेशवासियों का स्नेह उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नई ऊर्जा देगा।

राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक के पद पर सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने खेल के साथ पुलिस सेवा में भी अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर उन्होंने भारत और छत्तीसगढ़ दोनों का गौरव बढ़ाया है।

Related Articles

Back to top button