ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘मुस्कुराता बस्तर’ से दिखेगी विकास की तस्वीर: जगदलपुर में स्कूली बच्चों को सिखाएंगे देश के नामी कार्टूनिस्ट

रायपुर। बस्तर की संस्कृति, प्राकृतिक खूबसूरती और विकास की सकारात्मक तस्वीर को कार्टून कला के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए जगदलपुर में ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका कार्टून वॉच की ओर से होने वाली इस कार्यशाला में स्कूली विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को बस्तर के लोकजीवन, जनजातीय संस्कृति, पर्यटन और विकास से जुड़े सकारात्मक पहलुओं को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर में विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी इस पहल के माध्यम से रेखांकित किया जाएगा।

बस्तर की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा समेत यहां के लोकपर्व और परंपराएं देशभर के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।

कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ इन्हीं सकारात्मक पहलुओं को कार्टून कला में अभिव्यक्त करने का प्रयास है।

कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे लाइव डेमो के जरिए विद्यार्थियों को मौके पर कार्टून और कैरिकेचर बनाने की तकनीक सिखाएंगे।

विद्यार्थियों को कला के सामाजिक और रचनात्मक पहलुओं के साथ इसके रोजगारपरक अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी।

आयोजन से बस्तर की स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ उनकी रचनात्मकता को नई दिशा मिलेगी। ‘मुस्कुराता बस्तर’ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने के साथ बस्तर की सकारात्मक पहचान को कला के माध्यम से देशभर में पहुंचाने की पहल है।

Related Articles

Back to top button