देशभर में भारी बारिश का अलर्ट: पहाड़ों पर लैंडस्लाइड-फ्लैश फ्लड का खतरा

दिल्ली। उत्तर, पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बुधवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है। वहीं मध्य प्रदेश, ओडिशा और विदर्भ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में फिर बारिश के आसार
मंगलवार को दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में भारी बारिश से जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। बुधवार को भी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लखनऊ में बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पटना में भी बादल छाए रहने का अनुमान है। मुंबई में हल्की बारिश और जयपुर में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
हिमाचल में 108 सड़कें बंद
भारी बारिश ने पहाड़ी राज्यों की परेशानी बढ़ा दी है। हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड के कारण 108 सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम विभाग ने पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शिमला, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और सोलन में फ्लैश फ्लड का खतरा बताया गया है।
उत्तराखंड के चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। केदारनाथ नेशनल हाईवे और सोनप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर भी आवाजाही प्रभावित हुई है। खराब मौसम के चलते चारधाम यात्रा दो दिन के लिए रोक दी गई है।
कश्मीर और नागपुर में भी बारिश का असर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बादल फटने से देवसर इलाके में कई घरों में पानी घुस गया। SDRF ने एक घर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। नागपुर में जलभराव के कारण प्रतापनगर इलाके में कई स्कूली बच्चे फंस गए, जिन्हें अभियान चलाकर बाहर निकाला गया।
असम में बाढ़ से 75 मौतें
असम में बाढ़ से सात और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 75 हो गई है। हालांकि प्रभावित लोगों की संख्या घटकर करीब 3.32 लाख रह गई है। ओडिशा के बालेश्वर में भी लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। कई इलाकों में चार फीट से ज्यादा पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।





