StateNewsदेश - विदेश

PM मोदी की सचिवों के साथ दूसरी हाईलेवल बैठक: विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर, साइबर सुरक्षा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की समीक्षा

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर केंद्रीय सरकार के सचिवों के साथ दूसरी उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में वित्त एवं अर्थव्यवस्था, वाणिज्य एवं उद्योग और प्रौद्योगिकी से जुड़े मंत्रालयों और विभागों की भविष्य की कार्ययोजना की समीक्षा की गई। चर्चा का मुख्य फोकस विकसित भारत के लक्ष्यों की दिशा में प्रगति को और तेज करना रहा।

पीएम मोदी ने मंत्रालयों और विभागों के बीच मजबूत टीम भावना विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से साझा लक्ष्य के साथ काम करने और विभागों के बीच मौजूद क्षैतिज व ऊर्ध्वाधर कार्यगत बाधाओं को दूर करने को कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर समन्वय से सरकारी योजनाओं और नीतियों के अधिक प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

नागरिकों को शासन के केंद्र में रखने पर जोर

प्रधानमंत्री ने जन-केंद्रित सुशासन को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि हर नीति और निर्णय के केंद्र में आम नागरिक की जरूरतें, हित और आकांक्षाएं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुधार और संस्थागत क्षमता मजबूत करने को लगातार जारी रहने वाली प्रक्रिया बताया।

स्वदेशी तकनीक और ऊर्जा सुरक्षा पर फोकस

पीएम मोदी ने कहा कि भारत बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी से निवेश कर रहा है, लेकिन इसके साथ स्वदेशी तकनीक और घरेलू क्षमताओं को विकसित करना भी जरूरी है। उन्होंने रणनीतिक क्षेत्रों में तकनीकी आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।

ऊर्जा सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक स्थिरता और नागरिक कल्याण से जोड़ते हुए उन्होंने नवाचार, विविधता और क्षमता निर्माण के जरिए ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने की बात कही।

साइबर सुरक्षा और युवाओं की भागीदारी

प्रधानमंत्री ने डिजिटल सिस्टम और इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा के लिए साइबर सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में युवा इनोवेटर्स और उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने और इसे राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन का रूप देने पर जोर दिया।

पीएम मोदी ने उभरते उद्योगों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को तैयार करने के लिए इंडस्ट्री के साथ साझेदारी में नए शैक्षणिक पाठ्यक्रम तैयार करने की बात कही। उन्होंने सरकार को युवा, गतिशील और दूरदर्शी बने रहने तथा नई चुनौतियों के अनुसार तेजी से बदलाव करने का संदेश दिया। बैठक में कैबिनेट सचिव, विभिन्न मंत्रालयों के सचिव और पीएमओ के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button