StateNewsदेश - विदेश

उत्तर भारत में मानसून का कहर: यूपी-एमपी और महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात, अयोध्या और वाराणसी डूबे; प्रयागराज में 4 बच्चों की मौत

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून भारी तबाही मचा रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

उत्तर प्रदेश में बुधवार को भारी बारिश से अयोध्या में घरों और सड़कों पर दो फीट तक पानी भर गया। कई वाहन पानी में डूब गए। प्रयागराज में चार बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, वाराणसी में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे दशाश्वमेध और अस्सी घाट डूब चुके हैं। गंगा आरती का स्थान भी बदलना पड़ा।

मध्य प्रदेश में नदियां उफान पर

मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी उफान पर है। मंडला, डिंडौरी, शहडोल, उमरिया, शिवपुरी जैसे जिलों में बाढ़ के हालात हैं। जबलपुर के बरगी डैम के 17 गेट खोले गए हैं। छतरपुर और दमोह में भी डैमों के गेट खोलने पड़े। शिवपुरी में तीन लोग रपटे में बह गए, हालांकि एक तैरकर बच निकला।

महाराष्ट्र में कई घर डूबे

महाराष्ट्र के नागपुर में लगातार बारिश से न्यू नरसाला इलाके में कई घर और वाहन डूब गए हैं। रेस्क्यू के लिए नगर निगम ने नावें तैनात की हैं। भंडारा जिले में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।

उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से जनजीवन प्रभावित

उत्तराखंड के चमोली जिले में बादल फटने और लैंडस्लाइड की घटनाएं हुई हैं। SDRF ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

गुजरात में पुल टूटा, दो की मौत

गुजरात के वडोदरा में महिसागर नदी पर बना 45 साल पुराना पुल टूट गया, जिससे दो ट्रक नदी में गिर गए। 2 लोगों की मौत हो गई, 3 को बचा लिया गया। देशभर में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिहार में मानसून कमजोर पड़ा है, जबकि राजस्थान और हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले 3-4 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।

Related Articles

Back to top button