ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सुशासन तिहार में सीएम साय का जन चौपाल: ग्रामीणों से सीधा संवाद, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

रायपुर। प्रदेशव्यापी ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलमा के शांतिपारा पहुंचे, जहां उन्होंने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया और लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

जन चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

इस दौरान ग्राम सुआरपारा निवासी राजेश शुक्ला ने आर्थिक परेशानी बताते हुए बिजली बिल माफी और सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने तत्काल मामले पर संज्ञान लेते हुए उनकी स्थिति के अनुरूप बिजली बिल माफी की प्रक्रिया शुरू करने और आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के इस त्वरित निर्णय से भावुक हुए राजेश शुक्ला ने आभार जताते हुए कहा कि उनकी समस्या को पहली बार इतनी गंभीरता से सुना गया है। उन्होंने कहा कि यह जन चौपाल उनके लिए राहत और विश्वास का माध्यम बनी है।

मुख्यमंत्री साय ने जन चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि ‘सुशासन तिहार’ शासन व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का अभियान है। उन्होंने बताया कि 40 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के जरिए प्रशासन अब स्वयं गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनेगा और मौके पर समाधान सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन चौपाल में प्राप्त हर आवेदन को प्राथमिकता से लेते हुए तय समयसीमा में उसका निराकरण किया जाए। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों से ली और योजनाओं के प्रभाव का फीडबैक प्राप्त किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस पहल से शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा और समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button