ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राजस्व मामलों का तय समय सीमा में करें निराकरण: रायपुर तहसील पहुंचे मंत्री टंक राम वर्मा, SDM को लगाई फटकार

रायपुर। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने सोमवार को रायपुर तहसील कार्यालय और नवीन संभाग आयुक्त कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक दौरे से तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान राजस्व मामलों के निपटारे में देरी और लापरवाही मिलने पर मंत्री ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

मंत्री ने नामांतरण, सीमांकन, त्रुटि सुधार और बंटवारे जैसे मामलों के लंबित रहने पर नाराजगी जताई। खासतौर पर डायवर्सन मामलों में बेहद धीमी प्रगति मिलने पर उन्होंने रायपुर एसडीएम को कड़ी चेतावनी दी। मंत्री ने कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों का तय समय-सीमा में निराकरण होना चाहिए और लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और फाइलों के रखरखाव की स्थिति भी देखी। अव्यवस्थित रिकॉर्ड और गंदगी पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को स्वच्छ वातावरण और दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

राजस्व मंत्री ने भुइयां शाखा, कानूनगो शाखा, डब्ल्यूबीएन शाखा और मालजमादार शाखा का भी निरीक्षण किया। साथ ही तहसीलदार और नायब तहसीलदार न्यायालयों की कार्यवाही की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व अदालतों में नियमित सुनवाई होनी चाहिए और लोगों को सिर्फ अगली तारीख देकर परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि तहसील में दर्ज 65 हजार 390 मामलों में से 64 हजार 702 का निराकरण किया जा चुका है, जबकि 688 मामले अभी लंबित हैं। इस पर मंत्री ने सभी लंबित मामलों को जल्द खत्म करने का लक्ष्य तय किया।

मंत्री ने परिसर में मौजूद लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और मौके पर अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। बाद में संभाग आयुक्त कार्यालय पहुंचकर उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने को कहा।

Related Articles

Back to top button