सड़क हादसे रोकने हर जरूरी कदम उठाएं: मुख्य सचिव विकासशील, ब्लैक स्पॉट की मॉनिटरिंग के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क हादसों को रोकने के लिए हर जरूरी और ठोस कदम उठाए जाएं।
मंत्रालय में सोमवार को आयोजित सड़क सुरक्षा समीक्षा बैठक में उन्होंने ब्लैक स्पॉट की नियमित मॉनिटरिंग और सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने को कहा।
मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट पर चेतावनी संकेत, सड़क मरम्मत और सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि हादसों की आशंका कम हो सके।
बैठक में सुप्रीम कोर्ट की कमेटी ऑन रोड सेफ्टी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने पीएम राहत योजना और पीएम ई-ड्राइव योजना की प्रगति की जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने कहा कि सड़क दुर्घटना से जुड़े रेस्क्यू एसओपी का पूरी गंभीरता से पालन होना चाहिए।
बैठक में ई-वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में अब तक 150 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं।
इन स्टेशनों पर पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत सब्सिडी भी दी जा रही है।
मुख्य सचिव ने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत घायलों को कैशलेस उपचार की सुविधा दी जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 282 सड़क दुर्घटना पीड़ितों का योजना के तहत पंजीयन किया जा चुका है।
बैठक में परिवहन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



