ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सुशासन तिहार: CM विष्णुदेव साय पहुंचे ‘लखपति दीदी’ की दुकान, खुद चुकाए सामान के पैसे

पत्थलगांव। सीएम विष्णुदेव साय के प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार अभियान के दौरान जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम चंदागढ़ में एक भावुक और प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली।

मुख्यमंत्री अचानक गांव की ‘लखपति दीदी’ सुमिला कोरवा की छोटी किराना दुकान पर पहुंच गए, जहां उनका पारंपरिक तरीके से लौंग-इलायची खिलाकर स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गांव में उतरते ही वे सीधे हेलीपैड के पास स्थित सुमिला की दुकान पहुंचे। मुख्यमंत्री को सामने देखकर सुमिला भावुक हो उठीं। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी संघर्ष और सफलता की कहानी सुनी।

सुमिला ने बताया कि उन्होंने मुद्रा योजना के तहत एक लाख रुपए का ऋण लेकर दुकान शुरू की थी। आज उनकी दुकान गांव की जरूरतों का बड़ा केंद्र बन चुकी है। यहां किराना सामान के साथ फोटो कॉपी मशीन और ठंडे पानी के लिए फ्रिज की सुविधा भी उपलब्ध है।

मुख्यमंत्री ने दुकान से ठंडा पानी और फलाहारी चिवड़ा खरीदा। जब सुमिला ने पैसे लेने से इनकार किया तो मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, “यह आपकी मेहनत की कमाई है, इसे जरूर लीजिए।” इसके बाद उन्होंने खुद अपने पर्स से पैसे निकालकर भुगतान किया।

मुख्यमंत्री ने सुमिला की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि वनांचल क्षेत्र में रहकर आत्मनिर्भर बनना और दूसरों के लिए रोजगार का उदाहरण पेश करना बेहद प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि सुमिला ने मेहनत से ‘लखपति दीदी’ का मुकाम हासिल किया है और आगे चलकर वे ‘करोड़पति दीदी’ भी बन सकती हैं।

सुमिला ने बताया कि उनकी बेटी प्रियंका पढ़ाई में अव्वल रही है और छुट्टियों में दुकान संभालने में मदद करती है। परिवार खेती-किसानी के साथ ट्रैक्टर और वाहन किराए पर देकर भी आय अर्जित करता है। मुख्यमंत्री की इस आत्मीय मुलाकात ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया।

Related Articles

Back to top button