ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

निर्माणाधीन नालंदा परिसर का सीएम साय ने किया निरीक्षण: गुणवत्ता और समय-सीमा पर सख्ती के निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को बलरामपुर जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। करीब 4.48 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस परिसर को विद्यार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण सामग्री, कार्य की गति और प्रस्तावित सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि काम तय समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावी तरीके से कर सकें। उन्होंने बताया कि नालंदा परिसर में आधुनिक ई-लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी पुस्तकें, समृद्ध अध्ययन सामग्री और पत्र-पत्रिकाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि परिसर को जल्द पूरा कर विद्यार्थियों के लिए खोला जा सके। साथ ही परिसर में प्रस्तावित अन्य सुविधाओं को भी समय पर विकसित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा परिसर राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत युवाओं को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परिसर जिले के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का मजबूत केंद्र बनेगा और उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने यह भी कहा कि नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड निरीक्षण के जरिए कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि परियोजना तय मानकों के अनुरूप पूरी हो सके।

Related Articles

Back to top button