नक्सलवाद के दौर से निकलकर शांति और विकास की राह पर बढ़ रहा बस्तर: विजय शर्मा

जगदलपुर के सेवा संकल्प शिविर में उप मुख्यमंत्री बोले- हिंसा की जगह विकास और भय की जगह विश्वास का माहौल
रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद के लंबे और काले दौर से निकलकर शांति, सुरक्षा और समृद्धि की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जिन इलाकों में कभी हिंसा और भय का माहौल था, वहां अब शासन की योजनाएं और सरकारी सेवाएं पहुंच रही हैं। इससे लोगों के जीवन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बन रहा है।
उप मुख्यमंत्री सोमवार को जगदलपुर के पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सेवा संकल्प शिविर में शामिल हुए। यहां विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया। पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता, अधिकार अभिलेख, प्रमाण पत्र और योजनाओं का लाभ भी दिया गया।
विजय शर्मा ने कहा कि मां दंतेश्वरी की कृपा और शासन-प्रशासन के प्रयासों से बस्तर में माओवादी हिंसा समाप्ति की ओर है। अब भय के स्थान पर विश्वास और हिंसा की जगह विकास एवं सेवा का नया वातावरण बन रहा है।
उन्होंने नक्सली हिंसा और आईईडी विस्फोटों से प्रभावित नागरिकों और जवानों के पुनर्वास के लिए लगाए गए विशेष शिविर का भी उल्लेख किया। तीन दिवसीय शिविर में पीड़ितों और दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण निशुल्क दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कृत्रिम हाथ मिलने के बाद एक हितग्राही ने उसी हाथ से पानी की बोतल उठाकर पानी पिया। वर्षों बाद खुद से सामान्य काम कर पाने की यह खुशी ऐसी योजनाओं के महत्व को दर्शाती है।
शिविर में पांच बाढ़ प्रभावितों को 6.50 लाख रुपए की सहायता और 35 लोगों को अधिकार अभिलेख दिए गए। श्रम विभाग ने दो हितग्राहियों को कुल 1.20 लाख रुपए की सहायता दी। किसानों को फसल बीमा प्रमाण पत्र, मछली पालकों को जाल और नागरिकों को आयुष्मान व वय वंदन कार्ड उपलब्ध कराए गए।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से बस्तर में विकास की नई तस्वीर सामने आ रही है।





