योगी से नितिन नबीन तक, UP में BJP दिखाएगी ताकत: 6 संगठनात्मक क्षेत्रों में 3 से 5 नवंबर तक पदयात्रा; हर क्षेत्र में 25 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। विपक्ष के आरोपों का जवाब देने और जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पार्टी 3 से 5 नवंबर तक प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में पदयात्राएं निकालेगी। इस अभियान को ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ नाम दिया गया है।
इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री एवं RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी और दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक शामिल होंगे। पार्टी ने प्रत्येक क्षेत्रीय कार्यक्रम में कम से कम 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।
पहले दिन लखनऊ और बरेली में पदयात्रा
अभियान की शुरुआत 3 नवंबर को लखनऊ और बरेली से होगी। लखनऊ में अवध क्षेत्र की पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शामिल होंगे। वहीं, बरेली में ब्रज क्षेत्र की पदयात्रा में जेपी नड्डा, केशव प्रसाद मौर्य और जयंत चौधरी हिस्सा लेंगे।
गोरखपुर में योगी-नितिन नबीन एक साथ
4 नवंबर को गोरखपुर, प्रयागराज और कानपुर में कार्यक्रम होंगे। गोरखपुर की पदयात्रा में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल होंगे। प्रयागराज में केशव प्रसाद मौर्य और कानपुर में ब्रजेश पाठक पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। अभियान का समापन 5 नवंबर को गाजियाबाद में होगा। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पदयात्रा में शामिल होंगे।
SIR और विपक्ष के आरोपों का देगी जवाब
भाजपा इस अभियान के जरिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी में है। पार्टी का आरोप है कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता में भ्रम फैला रहा है। वहीं, विपक्ष चुनावी पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठा रहा है। पदयात्राओं के जरिए भाजपा इन मुद्दों पर अपना पक्ष जनता तक पहुंचाएगी।





