त्रिपुरा में BSF जवानों पर भीड़ का हमला, 3 घायल: हथियार छीनने की कोशिश, सरकारी वाहन में तोड़फोड़; CM ने दिए कार्रवाई के निर्देश

दिल्ली। त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास BSF जवानों पर हिंसक हमला हुआ है। सिपाहीजला जिले के बॉक्सानगर क्षेत्र के अशाबारी इलाके में सोमवार, 2 नवंबर को हुई इस घटना में तीन जवान घायल हो गए।
आरोप है कि तस्करी से जुड़े संदिग्ध लोगों के एक समूह ने जवानों पर लाठी-डंडों और बांस से हमला किया। इस दौरान उनके सरकारी हथियार छीनने की कोशिश की गई और BSF के वाहन में भी तोड़फोड़ की गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने हमले की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
तस्करी के संदेह में एक व्यक्ति को हिरासत में लेने पर विवाद
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह BSF जवानों को तस्करी की आशंका में एक व्यक्ति का पीछा करते हुए कार्रवाई करनी पड़ी थी। इस दौरान हफजुर रहमान नाम के व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद जवानों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि इसी दौरान एक समूह ने जवानों को घेरकर हमला कर दिया। हमले में तीन जवान घायल हुए। भीड़ ने BSF के सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
स्थानीय लोगों ने सड़क पर किया प्रदर्शन
दूसरी ओर, स्थानीय निवासियों के एक वर्ग का आरोप है कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति के साथ BSF जवानों ने मारपीट की थी, जिससे उसके पैर में चोट आई। इस घटना से नाराज लोगों ने अशाबारी-रहीमपुर मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया।
हालांकि, घटना की शुरुआत और हिंसा के पीछे की वजह को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे हैं। पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल हमले में शामिल लोगों की भूमिका और तस्करी से जुड़े आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।





