विजय सरकार का तमिल फिल्म इंडस्ट्री को दिवाली गिफ्ट, 224 फिल्मों को मिले 15.68 करोड़

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार ने दिवाली से पहले तमिल फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने 224 फिल्मों के निर्माताओं के लिए 15.68 करोड़ रुपए की सब्सिडी जारी की है। चेन्नई में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री राजमोहन अरुमुगम ने चयनित निर्माताओं को 7-7 लाख रुपए के चेक सौंपे। यह राशि कई सालों से लंबित थी।
सरकार की इस योजना में 2015 से 2022 के बीच बनी कम बजट की फिल्मों को शामिल किया गया है। रिटायर्ड जस्टिस एसके कृष्णन की अध्यक्षता वाली समिति ने हर साल 28 फिल्मों का चयन किया। इस तरह आठ साल की कुल 224 फिल्मों को सब्सिडी के लिए योग्य माना गया। योजना का उद्देश्य सीमित बजट में अच्छी और सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्में बनाने वाले निर्माताओं को आर्थिक मदद देना है।
90 प्रतिशत लाभार्थियों की आजीविका फिल्म निर्माण पर निर्भर
प्रोड्यूसर टी. सिवा ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री विजय और मंत्री राजमोहन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह मदद सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई परिवारों के लिए दिवाली का तोहफा है। उनके मुताबिक, सब्सिडी पाने वाले करीब 90 प्रतिशत लोग ऐसे हैं, जिनकी आजीविका फिल्म निर्माण से जुड़ी है और लंबे समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे थे।
सामाजिक मुद्दों वाली फिल्मों को मिलेगा प्रोत्साहन
सरकार का लक्ष्य कम लागत में समाज से जुड़े विषयों पर फिल्में बनाने वाले निर्माताओं को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में मंत्री राजमोहन ने सामाजिक जागरूकता फैलाने में फिल्मों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में तमिल सिनेमा के पुरस्कार और सब्सिडी पारदर्शी तरीके से योग्यता के आधार पर दिए जाएंगे। सरकार के इस फैसले से छोटे बजट की फिल्मों और उनके निर्माताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।





