ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आयुष्मान कार्ड से कम हुई इलाज की चिंता, विजय पंडो के परिवार को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा

रायपुर। बीमारी के समय इलाज का खर्च आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी चिंता बन जाता है।

सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत लोसंगी के पंडरीपानी निवासी विजय कुमार पंडो का परिवार भी ऐसी ही परेशानी से गुजर रहा था।

सीमित आमदनी के कारण परिवार में किसी सदस्य के बीमार पड़ने पर अस्पताल का खर्च जुटाना मुश्किल होता था। अब विजय के साथ उनकी बेटियों भारती और आरती का आयुष्मान कार्ड बनने से परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा मिला है।

पैसों की कमी से इलाज में आती थी दिक्कत

विजय बताते हैं कि पहले उनके परिवार के पास आयुष्मान कार्ड नहीं था। ऐसे में बीमारी की स्थिति में उपचार का पूरा खर्च स्वयं उठाना पड़ता था।

आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अचानक आने वाला चिकित्सा खर्च परिवार के लिए परेशानी बन जाता था। कई बार बेहतर इलाज कराने में भी आर्थिक कठिनाई सामने आती थी।

अब आयुष्मान कार्ड बनने से पात्रता के अनुसार 5 लाख रुपए तक निशुल्क उपचार की सुविधा का लाभ मिल सकेगा। इससे परिवार को बीमारी के समय इलाज के खर्च की चिंता कम होने की उम्मीद है।

दोनों बेटियों का भी बना कार्ड

सेवा संकल्प अभियान के दौरान विजय के साथ उनकी दोनों बेटियों भारती और आरती का भी आयुष्मान कार्ड बनाया गया। परिवार के तीन सदस्यों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलने से अब जरूरत पड़ने पर अस्पताल में उपचार कराने का भरोसा बढ़ा है।

विजय के लिए यह कार्ड महज एक दस्तावेज नहीं, बल्कि मुश्किल समय में परिवार की आर्थिक सुरक्षा का सहारा है। उनका कहना है कि पहले पैसों की कमी के कारण इलाज में परेशानी होती थी, लेकिन अब जरूरत पड़ने पर निशुल्क उपचार की सुविधा बड़ी मददगार साबित होगी।

आयुष्मान कार्ड मिलने पर विजय कुमार पंडो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से उनके परिवार को बीमारी के समय इलाज कराने का भरोसा मिला है।

Related Articles

Back to top button