प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल में मिले 90 पोर्न वीडियो, जेल में फोन मिलने के बाद नई FIR; फोरेंसिक जांच जारी

दिल्ली। बेंगलुरु की सेंट्रल जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना एक बार फिर चर्चा में हैं। जेल में उनके पास से मिले मोबाइल फोन की जांच के दौरान करीब 90 पोर्न वीडियो मिलने की बात सामने आई है।
जब्त मोबाइल की फोरेंसिक जांच जारी है। जांचकर्ता फोन में मौजूद वीडियो, तस्वीरों और अन्य डिजिटल सामग्री की पड़ताल कर रहे हैं। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह सामग्री कहां से आई और क्या इसका किसी आपराधिक मामले से संबंध है।
सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने मंगलवार को बेंगलुरु की सेंट्रल जेल में छापेमारी की थी। इस दौरान प्रज्वल रेवन्ना के पास मोबाइल फोन मिलने के बाद एक नई FIR दर्ज की गई। जेल में बंद अंडरट्रायल कैदी प्रताप राय को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।
प्रज्वल रेवन्ना JDS विधायक एचडी रेवन्ना के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं। वह महिलाओं से दुष्कर्म के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अगस्त 2025 से उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।
महिला ने लगाए थे गंभीर आरोप
प्रज्वल के परिवार के फार्महाउस में काम करने वाली 47 वर्षीय महिला ने अप्रैल 2024 में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि 2021 से उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया और घटना की जानकारी किसी को देने पर वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी गई।
विशेष अदालत ने अगस्त 2025 में प्रज्वल को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। अदालत ने 11.50 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था, जिसमें से 11.25 लाख रुपये पीड़िता को देने का निर्देश दिया गया था।
प्रज्वल के खिलाफ दुष्कर्म से जुड़े तीन अन्य मामले भी लंबित हैं। इससे पहले उनके नाम से जुड़े 2,000 से अधिक कथित अश्लील वीडियो क्लिप सामने आने के बाद भी बड़ा विवाद हुआ था। मामलों के चलते JDS ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।





