StateNewsदेश - विदेश

PM मोदी बोले- युवाओं ने देश का मान बढ़ाया: जो कभी असंभव लगता था; कारगिल शहीदों को नमन

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस ऐसी तारीख है, जिसे याद रखने के लिए तारीख याद रखना जरूरी नहीं है। कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने हर चुनौती का सामना करते हुए अदम्य साहस दिखाया और देश की रक्षा की।

पीएम मोदी ने युवाओं की उपलब्धियों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत के युवा लगातार देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इस महीने फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथ्स के साइंस ओलंपियाड आयोजित हुए, जिनमें भारतीय छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया।

विक्रम-1 के सफल लॉन्च का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने पिछले रविवार हुए विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण को भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह निजी क्षेत्र द्वारा विकसित भारत का पहला रॉकेट है। हमारे युवा इनोवेटर्स ने वह कर दिखाया, जो कभी लगभग असंभव लगता था। उन्होंने अपने कौशल, जुनून और धैर्य से देश को गौरवान्वित किया है।

रक्षा तकनीक में आत्मनिर्भरता पर जोर

मोदी ने कहा कि भारत रक्षा तकनीक के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्वदेशी युद्धपोत INS महेंद्रगिरी के नौसेना में शामिल होने और पिनाका मिसाइल के सफल लॉन्च का उल्लेख किया।

पानी बचाने और पौधे लगाने की अपील

‘कैच द रेन’ अभियान का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि जहां पानी गिरे, उसे वहीं रोकना चाहिए। उन्होंने मध्य प्रदेश में बने 4 हजार तालाबों का उदाहरण दिया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अहमदाबाद में एक घंटे में 3.5 लाख और उत्तर प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए जाने का भी उल्लेख किया।

लोकल प्रोडक्ट और प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश

पीएम ने सीतामढ़ी में प्लास्टिक कचरे से बेंच बनाने की पहल की सराहना की। उन्होंने गणेशोत्सव में मिट्टी की प्रतिमाओं को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही कश्मीर की वागु चटाई, बिजनौर की हर्बल चाय, हैंडलूम और खादी जैसे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की बात कही।

उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हुए गुरु पूर्णिमा और स्वतंत्रता दिवस का जिक्र किया और लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की अपील की।

Related Articles

Back to top button