
रायपुर। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी राजधानी रायपुर पहुंची है। एयरपोर्ट से सीधे बीजेपी कार्यालय के लिए रवाना हुई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मीडिया से दूरी बनाई है। जहां से वह बिलासपुर के लिए रवाना हो चुकी है। बिलासपुर में आयोजित महतारी हुंकार रैली में शामिल होंगी।
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री बिलासपुर के छत्तीसगढ़ भवन जाएंगी। वहां पर 1.30 बजे जगमल चौक स्थित पटेल मैदान से महतारी हुंकार रैली का नेतृत्व करेंगी। यह रैली नेहरू चौक जाकर एक जनसभा में बदल जाएगा। स्मृति ईरानी को इस जनसभा में मुख्य वक्ता के तौर पर बुलाया गया है। रैली के बाद स्मृति ईरानी वापस रायपुर होकर दिल्ली लौट जाएंगी।
बिलासपुर में रैली और प्रदर्शन की तैयारी
इधर बिलासपुर में रैली और प्रदर्शन की तैयारी पूरी हो गई है। इससे पहले गुरुवार को भाजपा युवा मोर्चा ने एकजुटता दिखाने मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अरुण साव ने कहा कि इस मशाल की आग अब प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उखाड़कर फेंकने के बाद ही बुझेगी। इधर, पुलिस ने भी रैली को देखते हुए ट्रैफिक कंट्रोल करने पूरी ताकत झोंक दी है और रूट प्लान तैयार कर रूट डायर्वट भी किया है।
कांग्रेस सांसद ने बताया ढकोसला-ईरानी को दी खुली चुनौती
कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को खुली चुनौती दी है। रंजीत ने कहा कि स्मृति ईरानी यदि वास्तव में महिलाओं के साथ खड़ी हैं तो 1100 रुपए गैस सिलेंडर का विरोध करें। मैं कांग्रेस में होने के बाद भी आपके साथ बैठकर गैस सिलेंडर की कीमत का विरोध जरूर करुंगी। रंजीत रंजन ने महतारी हुंकार रैली को ढकोसला बताया।