ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

हाथियों को भगाने के लिए बच्चों ने फेंके पत्थर-पटाखे, वन अफसर बोले पहचान कर होगी कार्रवाई

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के ग्राम छर्रा टांगर में हाथियों को भगाने के लिए बच्चों और ग्रामीणों द्वारा पत्थरबाजी और पटाखे फोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में हाथियों के आसपास पटाखे फेंकते और पत्थर मारते हुए देखा जा सकता है, जिससे घबराकर हाथी इधर-उधर भागने लगे। मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब पांच बजे छाल रेंज की ओर से दो हाथी घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के छर्रा टांगर गांव पहुंच गए। दोनों हाथी खेतों में घूम रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान कुछ बच्चों ने हाथियों पर पत्थर फेंके और उनके पास पटाखे जलाकर फेंक दिए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वन विभाग ने चेताया

घरघोड़ा के प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर विभागीय टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वायरल वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग हाथियों को परेशान कर रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि हाथियों के करीब न जाएं और किसी भी स्थिति में उन्हें उकसाने की कोशिश न करें।

पहले भी सामने आया था ऐसा मामला

इससे पहले 18 जून को भी घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार जंगल में कुछ युवकों ने रील बनाने के लिए हाथी पर पत्थर फेंका था। इसके बाद हाथी उनके पीछे दौड़ा और युवक जान बचाकर भागे। उस घटना के बाद भी वन विभाग ने चेतावनी जारी की थी।

वन विभाग के अनुसार रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ और रायगढ़ वन मंडल में वर्तमान में 162 हाथियों का विचरण है। इनमें 44 नर, 87 मादा और 31 शावक शामिल हैं। विभाग ने लोगों से हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की उकसाने वाली हरकत से बचने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button