ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर समेत 4 शहरों में चलेंगी 240 इलेक्ट्रिक बसें, नवंबर से बिलासपुर-भिलाई में शुरुआत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चार शहरों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए 240 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत रायपुर में 100, बिलासपुर में 50, दुर्ग-भिलाई में 50 और कोरबा में 40 बसें चलाने की तैयारी है।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में शुक्रवार को चारों नगर निगमों और चयनित एजेंसी चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड के बीच कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए। नवंबर 2026 में बिलासपुर और भिलाई में 20-20 बसों का संचालन शुरू करने की योजना है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों से नागरिकों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता, वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन को लोगों की जरूरतों के अनुरूप बनाना जरूरी है, ताकि अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच आसान हो सके।

बसों में लगेंगे 6 कैमरे, मोबाइल से मिलेगी रूट की जानकारी

यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक इलेक्ट्रिक बस में छह कैमरे लगाने का प्रावधान किया गया है। मोबाइल एप के जरिए यात्री बसों के रूट की जानकारी ले सकेंगे। मोबाइल स्कैनर से भुगतान और ऑनलाइन टिकट की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है।

चार्जिंग स्टेशन और डिपो भी बनेंगे

ई-बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन, डिपो, बस स्टॉप और रखरखाव केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की पूजा विधानी, कोरबा की संजू देवी राजपूत, दुर्ग की अलका बाघमार और बीरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन सहित विभिन्न नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान चारों शहरों में चलने वाली बसों के रंग और कट-आउट का भी विमोचन किया गया।

Related Articles

Back to top button