इंस्टाग्राम पर डॉक्टर बनकर युवती से 3.23 लाख ठगे, पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुर। राजधानी रायपुर में इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। खुद को विदेश में कार्यरत डॉक्टर बताने वाले ठग ने एक 28 वर्षीय युवती को महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर 3.23 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ने एयरपोर्ट चार्ज, कस्टम ड्यूटी, टैक्स और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग किश्तों में रकम अपने खातों में ट्रांसफर कराई। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, कुशालपुर स्थित दंतेश्वरी मंदिर के पास रहने वाली युवती की करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम पर drkhan666 नाम की आईडी से एक व्यक्ति से पहचान हुई थी। आरोपी ने खुद को विदेश में कार्यरत डॉक्टर बताया और लगातार चैटिंग कर युवती का भरोसा जीत लिया। बाद में दोनों की बातचीत व्हाट्सऐप पर होने लगी। इसी दौरान आरोपी ने युवती से उसकी तस्वीरें और वीडियो भी मंगवाए।
कुछ समय बाद आरोपी ने दावा किया कि उसने विदेश से युवती के लिए महंगे गिफ्ट भेजे हैं। इसके लिए उसने युवती का घर का पता भी लिया। 4 जून को एक अन्य मोबाइल नंबर से कॉल कर खुद को दिल्ली एयरपोर्ट की एक कंपनी का कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति ने गिफ्ट छुड़ाने के लिए पहले 6 हजार रुपए जमा कराने को कहा। इसके बाद युवती को व्हाट्सऐप पर एक क्यूआर कोड भेजा गया, जिस पर उसने भुगतान कर दिया।
पहली रकम मिलने के बाद ठगों ने कस्टम ड्यूटी, टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क का हवाला देकर लगातार अलग-अलग किस्तों में पैसे मांगने शुरू कर दिए। युवती ने 4 जून से 20 जून के बीच बैंक ऑफ बड़ौदा खाते और चॉइस सेंटर के माध्यम से यूपीआई ट्रांजेक्शन कर कुल 3,23,998 रुपए आरोपियों के खातों में भेज दिए।
जब लंबे समय तक न तो कोई गिफ्ट मिला और न ही रकम वापस हुई, तब युवती को ठगी का एहसास हुआ। उसने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खातों और यूपीआई ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।





