मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचला, तीनों की मौत; CCTV खंगाल रही पुलिस

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दिलहरण दास वैष्णव (62), केदार बरेट (52) और संतु यादव (70) रोज की तरह सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच भारतमाला रोड पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। घटनास्थल पर सड़क पर शव बिखरे पड़े थे, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया। उसकी पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे में किस प्रकार का वाहन शामिल था।
बलौदा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने तथा सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।





