StateNewsदेश - विदेश

असम ट्रिपल मर्डर केस: हत्या का हथियार बरामद कराने ले गई पुलिस पर आरोपियों ने किया हमला, जवाबी फायरिंग में दोनों को लगी गोली

दिल्ली। असम के डिब्रूगढ़ जिले के डुलियाजान ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने दो आरोपियों पर फायरिंग की है। मंगलवार रात बालिजन टी एस्टेट में हुई इस मुठभेड़ में राजू दास और अमीर दास के पैरों में गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 11 बजे टीम दोनों आरोपियों को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए घटनास्थल के आसपास ले गई थी। तलाशी के दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी।

16 नवंबर को एक ही परिवार के तीन लोगों की हुई थी हत्या

डुलियाजान के कमलाबाड़ी इलाके में 16 नवंबर को एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। मृतकों की पहचान ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त अधिकारी चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां के रूप में हुई थी।

घटना का पता तब चला, जब एक किरायेदार छठ पूजा का प्रसाद देने उनके घर पहुंचा। दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया तो तीन अलग-अलग कमरों में तीनों के शव मिले थे।

ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज में रची हत्या की साजिश

पुलिस ने इस मामले में राजू दास और उसके मौसेरे भाई अमीर दास को गिरफ्तार किया था। राजू पिछले करीब सात साल से भुइयां परिवार के घर में किरायेदार और केयरटेकर के तौर पर रह रहा था, जबकि अमीर प्लंबर है।

जांच के अनुसार, राजू पर ऑनलाइन गेमिंग के कारण भारी कर्ज हो गया था। इसे चुकाने के लिए उसने लूट की योजना बनाई। पुलिस का आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने लोहे की रॉड और हथौड़े से हमला कर परिवार के तीनों सदस्यों की हत्या कर दी।

इससे पहले भी असम में पुलिस मुठभेड़ हुई थी। 4 नवंबर को शिवसागर जिले में गुवाहाटी होटल गोलीकांड के आरोपी घनकांत गोगोई की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई थी। उस पर 26 अक्टूबर को होटल में पांच लोगों की हत्या का आरोप था।

Related Articles

Back to top button