विवादों के बीच बदले गए छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस प्रभारी, अमित पठानिया हटे; डॉ. स्मृति रंजन लेंका को मिली जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों के बीच बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है।
प्रदेश प्रभारी अमित पठानिया को उनकी जिम्मेदारी से हटा दिया गया है, जबकि उनकी जगह डॉ. स्मृति रंजन लेंका को नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया है।
हालांकि कांग्रेस की ओर से इस बदलाव की औपचारिक घोषणा अभी तक नहीं की गई है, लेकिन 26 जून को जारी स्टार परफॉर्मर की सूची पर डॉ. लेंका के हस्ताक्षर होने के बाद इसे लगभग तय माना जा रहा है।
यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के चुनाव लगातार विवादों में घिरे हुए हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद से ही परिसीमन को लेकर संगठन के भीतर असंतोष देखने को मिला था।
कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी के आरोप लगाए थे। बढ़ते विरोध के चलते नामांकन प्रक्रिया को भी तय समय पर स्थगित करना पड़ा था।
यूथ कांग्रेस ने 24 मई को ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर चुनाव कराने का कार्यक्रम जारी किया था। इसके तहत नई टीम के गठन की प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन परिसीमन विवाद के कारण नामांकन की प्रक्रिया 15 जून तक टालनी पड़ी। इसके बाद भी संगठन के भीतर मतभेद खत्म नहीं हुए।
हाल ही में जारी स्टार परफॉर्मर की सूची को लेकर भी सोशल मीडिया पर कई कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। सूची में शामिल नामों और चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए। कई नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने की मांग की थी।
ऐसे माहौल में प्रदेश प्रभारी का बदला जाना संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब डॉ. स्मृति रंजन लेंका के सामने चुनाव प्रक्रिया को सुचारु ढंग से आगे बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के बीच विश्वास बहाल करने और विवादों को समाप्त कर संगठन को एकजुट रखने की बड़ी चुनौती होगी।





