अन्तर्राष्ट्रीय

US-Canada Trade War: अमेरिकी वित्त मंत्री ने कनाडा को बताया ‘भौंकने वाला छोटा कुत्ता’, ट्रंप ने लगाया 50% टैरिफ

दिल्ली। अमेरिका और कनाडा के बीच ट्रेड वॉर लगातार बढ़ता जा रहा है। अब अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की एक टिप्पणी ने दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ा दिया है। फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में बेसेंट ने कनाडा की तुलना ऐसे छोटे कुत्ते से की, जो बड़े कुत्ते पर लगातार भौंकता रहता है।

बेसेंट ने अपने अनुभव का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके पास एक जर्मन शेफर्ड था। पार्क में एक छोटा कुत्ता लगातार उस पर भौंकता रहता था। जर्मन शेफर्ड काफी समय तक उसे नजरअंदाज करता रहा, लेकिन एक दिन उसका भी सब्र खत्म हो गया। बेसेंट ने इसी उदाहरण के जरिए कनाडा के रवैये पर टिप्पणी की।

कनाडाई PM पर ट्रेड डील ठुकराने का आरोप

बेसेंट ने कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी पर अमेरिका के साथ बेहतर ट्रेड डील का प्रस्ताव ठुकराने का आरोप लगाया। दोनों देशों के बीच 19 से 21 अगस्त तक तीन दिन तक बातचीत हुई, लेकिन किसी समझौते पर सहमति नहीं बन सकी।

ऑटोमोबाइल, डेयरी, शराब और सॉफ्टवुड लंबर जैसे मुद्दों पर दोनों देशों के बीच लंबे समय से मतभेद हैं। अमेरिका कनाडा के बाजार में अमेरिकी कारों और डेयरी उत्पादों के लिए ज्यादा पहुंच चाहता है। वहीं कनाडा स्टील, एल्युमिनियम, कारों और लकड़ी पर अमेरिकी टैरिफ में राहत की मांग कर रहा है।

ट्रंप ने लगाया 50% टैरिफ

ट्रेड बातचीत विफल होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 22 अगस्त से कनाडा के करीब 20 अरब डॉलर के सामान पर 50% टैरिफ लागू कर दिया। कनाडा ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए डॉलर-फॉर-डॉलर टैरिफ लगाने की घोषणा की।

51वां राज्य बनाने के बयान से भी तनाव

दोनों देशों के बीच तनाव सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं है। ट्रंप का कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने का बयान, पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को ‘गवर्नर’ कहना और सीमा सुरक्षा जैसे मुद्दे भी विवाद की वजह बने हुए हैं।

फेंटानिल की तस्करी को लेकर अमेरिका की चिंता ने भी रिश्तों में तनाव बढ़ाया है। ऐसे में बेसेंट की ताजा टिप्पणी के बाद अमेरिका-कनाडा संबंधों में तल्खी और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

Related Articles

Back to top button