ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सिंगापुर की कंपनी छत्तीसगढ़ में 41,750 करोड़ लगाएगी, 100 MW का AI डेटा सेंटर बनेगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ा निवेश आकर्षित किया है। सिंगापुर में आयोजित प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में राज्य को कुल 43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं मिली हैं।

इनमें सबसे बड़ा ₹41,750 करोड़ का निवेश सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड करेगी। कंपनी छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-Ready Data Center Campus स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में कंपनी को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ सौंपा। कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करती है।

कंपनी के CEO स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी ऊर्जा, भूमि और सरकार का सहयोग उपलब्ध है। कंपनी मध्य भारत का सबसे बड़ा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने और स्थानीय इंजीनियरों को प्रशिक्षण देने की दिशा में काम करेगी।

राज्य को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से सोलर, बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के लिए भी 1,500 करोड़ के FDI निवेश का प्रस्ताव मिला है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और लोगों के प्रति निवेशकों के भरोसे को दर्शाते हैं। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने फोरम की फायरसाइड चैट में बताया कि उद्योगों की समस्याओं को सीधे समझकर 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। इसी का परिणाम है कि राज्य को 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

फोरम में सिंगापुर सरकार की विदेश राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग समेत वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज के साथ भी बैठक की। 6 अक्टूबर को वे CEO राउंडटेबल में निवेशकों से मुलाकात करेंगे।

Related Articles

Back to top button