StateNewsअन्तर्राष्ट्रीयदेश - विदेश

20 साल बाद वर्ल्ड कप में भिड़ेंगे फ्रांस और स्पेन: सेमीफाइनल में एम्बाप्पे बनाम यमाल पर रहेंगी नजरें

दिल्ली। फीफा विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल बुधवार देर रात 12:30 बजे डलास स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दो यूरोपीय दिग्गज फ्रांस और स्पेन आमने-सामने होंगे।

विश्व कप में दोनों टीमों की यह भिड़ंत 20 साल बाद हो रही है। इससे पहले 2006 विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में फ्रांस ने स्पेन को 3-1 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया था।

इतिहास की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 38 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें स्पेन ने 18 मैच जीते हैं, जबकि फ्रांस को 13 जीत मिली है। सात मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

हालांकि हालिया मुकाबलों में स्पेन का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। दोनों टीमें पिछली बार 2025 यूईएफए नेशंस लीग के सेमीफाइनल में भिड़ी थीं, जहां रोमांचक मुकाबले में स्पेन ने फ्रांस को 5-4 से हराया था।

इस बार मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे और स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल होंगे। एम्बाप्पे पूरे टूर्नामेंट में शानदार लय में नजर आए हैं।

वे अब तक आठ गोल दागकर गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं और फ्रांस की सबसे बड़ी ताकत माने जा रहे हैं।

दूसरी ओर, महज 19 वर्षीय लामिन यमाल ने अपनी रचनात्मक खेल शैली और आक्रामक प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है।

हालांकि उनके खाते में अब तक केवल एक गोल है, लेकिन उन्होंने कई गोल बनाने में अहम भूमिका निभाई है। नेशंस लीग के पिछले मुकाबले में उन्होंने फ्रांस के खिलाफ दो गोल कर अपनी क्षमता का परिचय दिया था।

दोनों टीमों के पास मजबूत आक्रमण और संतुलित मिडफील्ड है, ऐसे में यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। जीतने वाली टीम विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह बनाएगी, जबकि हारने वाली टीम का खिताब जीतने का सपना यहीं समाप्त हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button