ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बिरसा मुंडा जयंती पर स्कूलों में होंगे कार्यक्रम, विद्यार्थियों के लिए होंगी प्रतियोगिताएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय और निजी स्कूलों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

15 नवंबर को रविवार होने के कारण इस साल स्कूलों में 14 या 16 नवंबर को कार्यक्रम होंगे। इनमें विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान की जानकारी दी जाएगी।

लेखन, वाचन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी

लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश के मुताबिक प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इनमें भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और कार्यों पर आधारित लेखन, वाचन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को उनके व्यक्तित्व, विचारों और संघर्ष से परिचित कराया जाएगा।

विद्यार्थियों को बताएंगे जनजातीय नायक का योगदान

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। उन्होंने अंग्रेजी शासन, शोषण और अन्याय के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर आंदोलन का नेतृत्व किया था।

उनके नेतृत्व में चला उलगुलान आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संघर्ष के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए किए गए उनके संघर्ष को आज भी याद किया जाता है।

स्कूलों में होने वाले इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से जोड़ना है।

लोक शिक्षण संचालनालय ने कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों और स्कूल प्रमुखों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button