छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू, 3100 रुपए क्विंटल मिलेगा भाव; 3100 केंद्रों पर होगी खरीदी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी।
जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेशव्यापी धान खरीदी अभियान की शुरुआत करेंगे। इस साल सरकार 27.50 लाख से अधिक किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी।
प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान बेचने की अनुमति होगी। किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इससे कुल उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़कर 3100 हो जाएगी।
किसानों को मिलेगी कई सुविधाएं
धान खरीदी को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए उपार्जन केंद्रों में बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, गुणवत्ता जांच उपकरण और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की गई है।
किसानों के लिए पेयजल, बैठने और छाया जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। नए केंद्र खुलने से किसानों को दूर के केंद्रों तक धान ले जाने की जरूरत कम होगी। इससे समय और परिवहन खर्च की बचत होगी।
ऋण पुस्तिका लाने की अनिवार्यता खत्म
इस बार धान खरीदी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कई बदलाव किए गए हैं। पिछले साल पंजीकृत जिन किसानों की एग्रीस्टैक आईडी उपलब्ध है, उन्हें दोबारा पंजीयन नहीं कराना होगा।
धान बेचने के दौरान समिति में ऋण पुस्तिका ले जाने की अनिवार्यता भी समाप्त कर दी गई है। डिजिटल क्रॉप सर्वे और बायोमेट्रिक व्यवस्था से खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाएगी।
तीन साल में किसानों को मिले 1.50 लाख करोड़
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले तीन खरीफ सीजन में प्रदेश में करीब 437 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई। इस दौरान किसानों को लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपए का भुगतान किया गया।
वहीं, कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ 2023 से 2025 तक करीब 25.52 लाख किसानों को 35,904.90 करोड़ रुपए दिए गए।
सरकार ने फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के बदले दूसरी लाभकारी फसल लेने वाले किसानों की सहायता राशि भी 11 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपए प्रति एकड़ कर दी है।
अधिकारियों को खरीदी केंद्रों की नियमित निगरानी और किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।





