ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

15 नवंबर को धरमजयगढ़ में मनेगा जनजातीय गौरव दिवस, 8 दिन तक प्रदेशभर में होंगे आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस मौके पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा।

वहीं, 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इसके तहत स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियां होंगी। सरकार का उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

राज्य शासन के आदिम जाति विकास विभाग ने आयोजन को लेकर सभी संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए हैं। धरमजयगढ़ के मुख्य समारोह में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, वन, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा उद्योग एवं रोजगार विभाग के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें जनजातीय समुदाय के लिए संचालित योजनाओं, उपलब्धियों और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।

स्कूल-कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं

जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त शिक्षण संस्थानों में निबंध, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें माध्यमिक स्तर से ऊपर के विद्यार्थियों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है। विद्यार्थियों को जनजातीय इतिहास, लोककला, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान से परिचित कराया जाएगा।

बिरसा मुंडा से वीर नारायण सिंह तक की गाथा

आयोजन में भगवान बिरसा मुंडा के साथ छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को भी सामने लाया जाएगा। सरकार का मानना है कि जनजातीय समाज का योगदान केवल स्वतंत्रता संग्राम तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और परंपरागत ज्ञान में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए बस्तर से सरगुजा तक फैली जनजातीय संस्कृति, लोकनृत्य, लोकगीत और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने के साथ उनके संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button