‘दीदी के गोठ’ में सुनिए सोलर दीदियों की कहानी, 12 नवंबर को होगा प्रसारण

रायपुर। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं की सफलता और आत्मनिर्भरता की कहानियां अब रेडियो के जरिए घर-घर पहुंचेंगी।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ का 16वां एपिसोड गुरुवार, 12 नवंबर को प्रसारित होगा। इस बार कार्यक्रम का विषय ‘सोलर दीदी’ रखा गया है। इसमें महिलाएं सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अपने अनुभव, काम और बदलाव की कहानी खुद साझा करेंगी।
कार्यक्रम की थीम ‘दीदियों की कहानी, उन्हीं की जुबानी’ है। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की उपलब्धियों, उनके संघर्ष और आजीविका से जुड़ी पहलों को आम लोगों तक पहुंचाना है। हर महीने के दूसरे गुरुवार को प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम में महिलाओं को अपनी बात रखने का मंच मिलता है।
तीन भाषाओं में सुन सकेंगे कार्यक्रम
16वें एपिसोड का प्रसारण दोपहर 2 बजे हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में आकाशवाणी के प्रदेशभर के सभी केंद्रों से होगा। वहीं, दोपहर 2:30 बजे बस्तरिया और सरगुजिया भाषा में भी कार्यक्रम सुना जा सकेगा। इसके लिए आकाशवाणी जगदलपुर और सरगुजा केंद्र से प्रसारण किया जाएगा।
इस एपिसोड में सोलर दीदियां बताएंगी कि किस तरह सौर ऊर्जा से जुड़कर वे अपने काम और आजीविका को आगे बढ़ा रही हैं। उनके अनुभवों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की बदलती भूमिका और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी समझने का मौका मिलेगा।
श्रोता पूछ सकेंगे अपने सवाल
कार्यक्रम को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखा गया है। श्रोता अपनी जिज्ञासाएं और सवाल भी सीधे साझा कर सकेंगे। इसके लिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक टोल-फ्री नंबर 1800-233-2398 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम के जरिए ग्रामीण महिलाओं की पहल और अनुभवों को दूसरे लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।





