StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

पैपराजी पर भड़कीं जरीन खान, ड्रेस ट्राई करने की टिप्पणी पर जताई नाराजगी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री जरीन खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक पैपराजी की टिप्पणी पर नाराज होती नजर आ रही हैं।

मुंबई में एक क्लोदिंग ब्रांड के प्रमोशनल इवेंट के दौरान जरीन मीडिया के कैमरों के सामने डेनिम जैकेट और जींस प्रदर्शित कर रही थीं। इसी दौरान एक फोटोग्राफर ने उनसे कथित तौर पर ड्रेस ट्राई करके दिखाने की बात कही, जिस पर अभिनेत्री ने कड़ी आपत्ति जताई।

वीडियो में जरीन स्पष्ट शब्दों में कहती सुनाई देती हैं, “फालतूगिरी की बातें मत करना मेरे साथ, क्योंकि मैं ऐसी चीजें बर्दाश्त करने वालों में से नहीं हूं। अपनी हद में रहकर बात करना।”

उनके चेहरे पर नाराजगी साफ दिखाई देती है। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम जारी रखा, लेकिन उनकी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।

हाल के दिनों में यह पहला मामला नहीं है, जब किसी कलाकार ने पैपराजी के व्यवहार पर सवाल उठाए हों। इससे पहले अभिनेत्री नेहा धूपिया भी एक अवॉर्ड समारोह के दौरान फोटोग्राफरों पर भड़क गई थीं।

उन्होंने बिना अनुमति पीछे से वीडियो बनाने और निजी पलों को रिकॉर्ड करने पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि इस तरह का व्यवहार किसी के साथ नहीं होना चाहिए।

इसी तरह मलाइका अरोड़ा ने भी एक कार्यक्रम में लगातार वीडियो बनाए जाने पर पैपराजी को फटकार लगाई थी।

वहीं अभिनेता सलमान खान भी अस्पताल के बाहर अत्यधिक शोर-शराबे और भीड़भाड़ के कारण नाराज हो गए थे। बाद में एक अन्य कार्यक्रम में पैपराजी ने उनसे सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी।

बॉलीवुड सितारों और पैपराजी के बीच ऐसे विवाद समय-समय पर सामने आते रहे हैं। कलाकारों का कहना है कि मीडिया को कवरेज के दौरान उनकी निजी सीमाओं और गरिमा का सम्मान करना चाहिए, जबकि पैपराजी भी मनोरंजन जगत की गतिविधियों को कवर करने का अपना दायित्व निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button