ट्रंप की ईरान को खुली चेतावनी: ‘1000 मिसाइलें निशाने पर, हमला हुआ तो पूरी तरह तबाह कर देंगे’

दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए दावा किया है कि अमेरिका की 1000 मिसाइलें पूरी तरह तैयार हैं और उनका निशाना सीधे ईरान पर है।
ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान ने अमेरिका या उनके खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई की, तो जवाब इतना बड़ा होगा कि ईरान को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अमेरिकी मिसाइलें “लॉक्ड एंड लोडेड” हैं।
उन्होंने कहा कि अगर ईरानी सरकार अपनी धमकियों को अमल में लाती है, तो अमेरिका हजारों और मिसाइलें दागेगा तथा ईरान के सैन्य ठिकानों और अन्य लक्ष्यों को पूरी तरह तबाह कर देगा।
इससे पहले ट्रंप ने न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए एक इंटरव्यू में भी दावा किया था कि वह लंबे समय से ईरान के निशाने पर हैं।
उन्होंने कहा कि यदि उनकी हत्या होती है, तो पहले से ऐसे निर्देश दिए जा चुके हैं कि अमेरिका का जवाब ईरान ने पहले कभी नहीं देखा होगा। ट्रंप ने कहा कि किसी भी हमले का जवाब बेहद सख्त तरीके से दिया जाएगा।
हाल ही में ईरान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप के खिलाफ नारे लगाए जाने और उनकी हत्या की मांग वाले पोस्टर सामने आने की खबरों के बाद दोनों देशों के बीच बयानबाजी और तेज हो गई है।
इसी बीच इजरायल की खुफिया एजेंसियों ने भी अमेरिका को आगाह किया है कि ईरान कथित तौर पर ट्रंप के खिलाफ नई साजिश पर काम कर रहा है।
हालांकि, इन दावों और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। ट्रंप के ताजा बयान के बाद पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में एक बार फिर तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर दोनों देशों के अगले कदम पर बनी हुई है।





