तेलंगाना में सनसनीखेज हत्याकांड: रेप पीड़िता, मां-नानी समेत 6 की हत्या; पत्नी और दो बच्चों को भी मार डाला, आरोपी फरार

दिल्ली। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।
शहाबाद थाना क्षेत्र में पॉक्सो (POCSO) मामले का आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद कथित तौर पर छह लोगों की हत्या कर फरार हो गया।
मृतकों में नाबालिग रेप पीड़िता, उसकी मां, नानी के अलावा आरोपी की पत्नी और उसके दो बच्चे शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जो रंगारेड्डी जिले के शहाबाद मंडल का रहने वाला है। उस पर पहले से एक नाबालिग से जुड़े पॉक्सो मामले में मुकदमा चल रहा था।
हाल ही में उसे जमानत मिली थी। आरोप है कि जेल से बाहर आते ही उसने सबसे पहले पीड़िता, उसकी मां और नानी की हत्या कर दी।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, इसके बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और वहां अपनी पत्नी तथा दोनों बच्चों की भी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है और अब वह आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
फ्यूचर सिटी के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने रात के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर हत्याएं कीं।
इसके बाद उसने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी और फरार हो गया। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बनी हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।





