बारिश के चलते छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आज के मैच स्थगित, अब कल होंगे मुकाबले

तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण फैसला; न्यायधानी नाइट्स 11 अंकों के साथ सेमीफाइनल में पहुंची
रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से छत्तीसगढ़ में बिगड़े मौसम और लगातार बारिश को देखते हुए छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के गुरुवार को होने वाले दोनों मुकाबले स्थगित कर दिए गए हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने यह फैसला लिया है। अब दोनों मैच शुक्रवार, 30 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गुरुवार शाम 5:30 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मुकाबला होना था। इसके बाद शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियन्स और बैलाडीला बुल्स आमने-सामने आने वाले थे। अब दोनों मुकाबले इसी समय पर शुक्रवार को होंगे।
रोज शाम स्टेडियम में जुट रहे दर्शक
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 22 अक्टूबर से मुकाबले खेले जा रहे हैं। लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने के लिए रोजाना दर्शक स्टेडियम पहुंच रहे हैं। कई विशिष्ट अतिथि भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पहुंच रहे हैं।
11 अंकों के साथ न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में
अंक तालिका में न्यायधानी नाइट्स 11 अंकों के साथ शीर्ष पर है। टीम ने तीन मैच जीते और दो ड्रॉ खेले हैं। इस प्रदर्शन के साथ उसने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। मैनपाट टाइटन्स 8 अंकों के साथ दूसरे और चक्रधर चैंपियन्स 7 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। बैलाडीला बुल्स 5 अंकों के साथ चौथे और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स 4 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। राजधानी रॉयल्स अपने सभी पांचों मैच हारकर अंक तालिका में सबसे नीचे है।
31 अक्टूबर को सेमीफाइनल, 1 नवंबर को फाइनल
लीग के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 31 अक्टूबर को खेले जाएंगे। वहीं, खिताबी मुकाबला 1 नवंबर को होगा। मौसम को देखते हुए फिलहाल गुरुवार के मैचों को एक दिन आगे बढ़ाया गया है।





