ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

चक्रवात अर्नब पर केंद्र अलर्ट, अमित शाह ने CM साय से की चर्चा

रायपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में हो रही बारिश के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से फोन पर चर्चा की। उन्होंने प्रदेश के मौजूदा हालात की जानकारी ली और जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय गृह मंत्री को बताया कि चक्रवात के असर से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है। हालांकि, अब तक कहीं से भी बाढ़ की स्थिति या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर रख रही है और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन को सतर्क रखा गया है।

राहत और बचाव के लिए प्रशासन सतर्क

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं। किसी भी क्षेत्र में स्थिति बिगड़ने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी रखी गई है।

साय ने चक्रवात से प्रभावित राज्यों को हरसंभव सहायता देने के आश्वासन के लिए अमित शाह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थिति की निरंतर निगरानी कर रही है, ताकि जरूरत के अनुसार समय पर कदम उठाए जा सकें।

चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के अलावा आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों से भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने चक्रवात के प्रभाव और संबंधित राज्यों में बने हालात की जानकारी ली।

साथ ही केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। राज्य सरकार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button